रांची: झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से महिला विधायकों ने मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी महिला मंत्रियों और विधायकों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं.
आज झारखण्ड विधानसभा में माननीय महिला विधायकगणों से मुलाकात हुई। आधी आबादी की भागीदारी से ही देश, राज्य और समाज के सर्वांगीण विकास का रास्ता खुलता है। राज्य की आधी आबादी ने कई क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि हासिल कर राज्य का मान-सम्मान बढ़ाया है। यहां विधानसभा में भी आपकी उपस्थिति… pic.twitter.com/FQAIt0bnlJ
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) March 7, 2025
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा में महिला जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से नारी शक्ति को बल मिलता है. उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष की सभी महिला विधायक सदन में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की आवाज हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी की भागीदारी से ही देश, राज्य और समाज के सर्वांगीण विकास का रास्ता खुलता है. हमारी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. इस दिशा में झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना जैसी कई योजनाओं के माध्यम से आधी आबादी को सशक्त बनाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे इस बात का गर्व है कि झारखंड की महिलाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल सहित अनेकों क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है. आज महिलाएं हर क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल कर रही हैं. महिलाएं अपने मंजिल और मुकाम को हासिल करने में कामयाब हों, इसके लिए सरकार पूरा सहयोग करने को तैयार है. एक बार फिर आप सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बहुत-बहुत बधाई.
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक डॉ. नीरा यादव, विधायक लुइस मरांडी, विधायक सविता महतो, विधायक रागिनी सिंह, विधायक ममता देवी, विधायक पूर्णिमा दास साहू, विधायक श्वेता सिंह और विधायक मंजू कुमारी मौजूद थीं.
हिन्दुस्थान समाचार