झारखंड में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाला है. सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. कई दलों के नेता चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं. इसी बीच मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रमुख हेमंत सोरेन को बड़ा झटका लगा है. दरअसल, बरहैत विधानसभा से हेमंत सोरेन का नामांकन करवाने वालों में से एक प्रस्तावक मंडल मुर्मू भाजपा में शामिल हो गए हैं. उन्होंने गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इस दौरान प्रदेश बीजेपी चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और सह चुनाव प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा मौजूद रहे.
हिंमत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “आज सिद्धो-कान्हू के वंशज और श्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक श्री मंडल मुर्मू जी भाजपा परिवार के सदस्य बन गए. झारखण्ड की वर्तमान सरकार की कुनीतियों के कारण आदिवासी समाज की संस्कृति संकट में है, इसलिए समाज का हर वर्ग आज भाजपा से जुड़ रहा है. हम एक रहेंगे, तो सुरक्षित रहेंगे.”
आज सिद्धो-कान्हू के वंशज और श्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक श्री मंडल मुर्मू जी भाजपा परिवार के सदस्य बन गए।
झारखण्ड की वर्तमान सरकार की कुनीतियों के कारण आदिवासी समाज की संस्कृति संकट में है, इसलिए समाज का हर वर्ग आज भाजपा से जुड़ रहा है।
हम एक रहेंगे, तो सुरक्षित रहेंगे। pic.twitter.com/rlN8EpJTcv
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) November 3, 2024
कौन हैं मंडल मुर्मू?
मंडल मुर्मू संथाल विद्रोह का नेतृत्व करने वाले प्रमुख नेता सिद्धू कान्हू के वंशज हैं. सिद्धू कान्हू ने 1855 में जल जंगल जमीन के लिए अंग्रेजों के खिलाफ जंग की थी. उन्हें संथाल हूल क्रांति के नायक कहा जाता है. बता दें कि भाजपा ने बरहैत से हेमंत सोरेन के खिलाफ गमलियल हेम्ब्रम को मैदान में उतारा है.